विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार को संकट में डालने वाले किसान संघ के बाद अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक अन्य अनुषांगिक संगठन भारतीय मजदूर संघ ने शिवराज सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। मजदूर संघ के बुलावे पर प्रदेश भर से आए दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने नियमितिकरण को लेकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे आश्र्वासन नहीं बल्कि आदेश लेकर उठेंगे। आंदोलन में हिस्सा लेने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों में लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, जल संसाधन विभाग एवं नगरीय प्रशासन विभाग के कर्मी शामिल हैं। धरना राजधानी के अंबेडकर पार्क में सुबह दस बजे से प्रारंभ हुआ। इस मौके पर अखिल भारतीय मजदूर संघ के संगठन महामंत्री केसी मिश्रा, संघ के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुकांत ठाकुर, महामंत्री सुल्तान सिंह शेखावत एवं संगठन मंत्री ज्ञानप्रकाश तिवारी ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सभा को संबोधित किया। कर्मचारी नेताओं ने साफ कहा कि सरकार की नजर में दैनिक वेतन भोगी कुछ भी नहीं है। सरकार को ताकत दिखाने के लिए यह आंदोलन किया गया है। भारतीय मजदूर संघ की राज्य इकाई के महामंत्री सुल्तान सिंह शेखावत ने अपने भाषण में कहा कि दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को हर बार आश्र्वासन मिल रहे है। यहां तक कि कर्मचारियों के लिए किसी भी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक शासन की ओर कोई आदेश नहीं मिल जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
No comments:
Post a Comment