Saturday, January 8, 2011

कालेज दाखिले के साथ बनेगा वोटर कार्ड

दिल्ली चुनाव आयोग राजधानी में सौ फीसदी युवाओं (18 से 20 वर्ष की उम्र) को मतदाता पहचान पत्र से जोड़ेगा। इसके लिए स्कूल-कालेज, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग एवं शिक्षा से जुड़े सभी संस्थानों को जोड़ा गया है। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि कालेज एवं स्कूल में दाखिला फार्म भरने के साथ ही मतदाता पहचान पत्र का फार्म भरवा दिया जाए क्योंकि 60 फीसदी वोटर स्कूल एवं कालेज से ही निकलते हैं। दिल्ली की मुख्य चुनाव अधिकारी रीना रे के अनुसार 1.8 लाख युवा 18 वर्ष की उम्र के आसपास के हैं और सरकारी स्कूलों से जुड़े हैं। इन्हें इस वर्ष जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। इस वर्ष 2.20 लाख नए वोटर जुड़े हैं। इनमें 60 फीसदी युवा हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग अपनी स्थापना की डायमंड जुबली मना रहा है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। उनके मुताबिक वर्ष 2010 में नए लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। लोगों की सुविधा के लिए लोकसभा क्षेत्रों में सेंटर बनाए गए हैं। वहां जाकर लोग मतदाता सूची में नाम दर्ज करवा सकते हैं। रीना रे के अनुसार सीबीएसई, आईसीएसई, दिल्ली एजुकेशन बोर्ड जैसे शैक्षणिक संस्थानों में 12वीं का फार्म भरने के साथ मतदाता कार्ड के फार्म भरवाए जाएंगे क्योंकि इस वक्त छात्र की उम्र 17 एवं 18 वर्ष के बीच रहती है। दिल्ली में करीब 111.14 लाख मतदाता हैं। इनमें 62.10 लाख पुरुष एवं 29.94 लाख महिला मतदाता हैं। 2.21 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। फार्म-7 के जरिए नौ हजार नाम काटे गए हैं। करीब 94.25 फीसदी लोगों को पहचान पत्र जारी किया गया है। रीना रे बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। भारत निर्वाचन आयोग के डीजी अक्षय राउत भी मौजूद रहे। नेशनल वोटर डे 25 को : भारत निर्वाचन आयोग के डीजी अक्षय राउत के मुताबिक चुनाव आयोग की डायमंड जुबली वर्ष के उपलक्ष्य में 25 जनवरी को नेशनल वोटर डे मनाया जाएगा। इसके लिए देशभर में अभियान चलाया गया था। जागरुकता के लिए सभी राज्यों में फोटो प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे एकत्र कर दिल्ली में आज से प्रदर्शित किया जा रहा है। जो राज्य एवं जिला वोटरों को जोड़ने में अव्वल होगा, उसे सम्मानित किया जाएगा। चुनावी फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन आज : भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना 1952 से लेकर वर्ष 2010 तक हुए चुनावी प्रक्रिया, बैलेट से ईवीएम तक के सफर की झलक दिल्लीवासी शुक्रवार से देख सकते हैं। 7, 8 एवं 9 जनवरी को चलने वाली विशेष प्रदर्शनी एवं कार्यक्रम में सभी राज्यों की भागीदारी होगी। इसका शुभारंभ मुख्य निर्वाचन आयुक्त डा. एसवाई कुरैशी करेंगे। आईएनए स्थित दिल्ली हाट में लगी इस प्रदर्शनी में पूरी चुनावी प्रक्रिया की झलक देखने को मिलेगी। रीना रे के मुताबिक चुनाव की 30 मिनट की डाक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। इस आयोजन में उस मतदाता केंद्र की तस्वीर भी दिखाई जाएगी जहां मात्र एक वोटर है।


No comments:

Post a Comment