चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अब चुनाव आयोग फेसबुक का सहारा लेगा। खास कर युवा मतदाताओं को जोड़ने की पूरी तैयारी कर ली गई है। आगामी 25 तारीख को पूरे देश में वोटर डे मना रहा चुनाव आयोग जहां नए युवा वोटरों को शपथ दिलाकर गर्व का अहसास कराएगा, वहीं बाद में अपना फेसबुक प्रोफाइल भी तैयार करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी ने बताया कि आयोग को यह सुझाव पसंद आया है। इस पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। हर साल लाखों-करोड़ों की संख्या में 18 की उम्र पार कर रहे युवाओं को चुनाव से जोड़ने के लिए चुनाव आयोग अब खुद उनके द्वार तक आ गया है। 25 जनवरी को ऐसे करोड़ों युवाओं को वोटर कार्ड तो दिया ही जाएगा, साथ में हर चुनाव में हिस्सा लेने, स्वच्छ और निर्भीक चुनाव की गरिमा बरकरार रखने और हर प्रलोभन से बचने की शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्हें एक बैज दिया जाएगा जो वयस्क होने का अहसास कराएगा। बैज पर लिखा होगा कि एक वोटर होने पर मुझे गर्व है और मैं मतदान के लिए तत्पर हूं। कुरैशी ने चिंता जताई कि चुनाव में काफी कम लोग हिस्सा लेते हैं। ऐसे में अब युवाओं पर उनकी उम्मीद टिकी है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि युवाओं को आकर्षित करने के लिए फेसबुक बनाने का भी सुझाव आया है। जल्द ही इस पर कार्रवाई होगी। राष्ट्रपति भवन में भी योग्य युवा वोटरों को कार्ड दिया जाएगा। कुरैशी ने बताया कि खुद राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल भी वोटर डे में हिस्सा लेंगी।
No comments:
Post a Comment