सरकार के सख्त रवैए और वेतन बंद होने के डर से अधिकांश सरकारी सेवकों ने अपनी सम्पत्ति का ब्योरा दे दिया है। इसे ऑन लाइन कर दिया गया है। इसके साथ ही बिहार देश का ऐसा पहला राज्य हो गया जहां मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों एवं अधिकांश नौकरशाहों ने अपनी सम्पत्ति की घोषणा कर दी है। इसमें किसी अधिकारी का बैंक बैलेंस पर जोर है तो किसी की पत्नी उनसे ज्यादा सम्पन्न हैं, लेकिन उपलब्ध कराए गए ब्योरे में किसी भी अधिकारी के पास आमतौर पर नजर आने वाली चमचमाती और महंगी कार नहीं है। बिहार के सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा के 190, भारतीय पुलिस सेवा के 169, बिहार प्रशासनिक सेवा के 2800 तथा बिहार पुलिस सेवा के 350 अधिकारियों का सम्पत्ति विवरण ऑनलाइन जारी कर दिया गया है। राज्य के तृतीय श्रेणी तक के सभी कर्मचारियों को सम्पत्ति का विवरण देने का निर्देश दिया गया था और करीब-करीब सभी ने अपनी सम्पत्ति का विवरण विभाग को दे दिया है। अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए सम्पत्ति के ब्योरे की बानगी देखिए, राज्य के मुख्य सचिव अनूप मुखर्जी के पास वाहन के नाम पर पुरानी राजदूत मोटरसाइकिल और 1985 मॉडल की मारुति कार है। यह खुलासा उन्होंने खुद अपनी संपत्ति के ब्योरे में किया है। इनके पास 20 हजार रुपये नकद, बैंक में 8.36 लाख रुपये, बांड में 43 हजार और एलआइसी-म्यूचुअल फंड में 6.84 लाख रुपये का निवेश किया है। जीपीएफ में 3.33 लाख रुपये और पीपीएफ में 93 हजार रुपये हैं। इनके पास पटना के टीएन बनर्जी रोड में 479.93 वर्ग मीटर एवं ग्रेटर नोएडा में अधिकारियों की को-आपरेटिव सोसाइटी में 300 वर्गमीटर का भूखंड है। पुलिस महानिदेशक नीलमणि का बैंकों में करीब 38 लाख रुपये हैं। पत्नी के नाम बैंक और पीपीएफ में करीब साढ़े पांच लाख रुपये जमा हैं। 1990 माडल मारुति कार, दो सोने की अंगूठी हैं, जबकि पत्नी के पास 261 ग्राम सोना और 1630 ग्राम चांदी है। 50 हजार रुपये के करीब इन्हें मासिक किराया आता है। बुद्धा कालोनी में 3000 वर्गफूट का तीन मंजिला आवासीय मकान एवं उत्तर प्रदेश के बलिया में पैतृक मकान है। गृह सचिव आमिर सुब्हानी से ज्यादा धनवान उनकी पत्नी है। सुब्हानी के पास आठ हजार रुपये नकद और बैंक में 2.15 लाख रुपये हैं। पत्नी के पास 6.20 हजार रुपये का निवेश और 96 माडल की 800 मारुति कार है। सिवान में एक बीघा जमीन है जो संयुक्त सम्पत्ति का हिस्सा है। उनके पास बेलीरोड पर जगत अमरावती में थ्री-बेडरूम का 1425 वर्गफूट का फ्लैट है जिसका वर्तमान मूल्य करीब 25 लाख है। पत्नी के पास खाजपुरा के नरगिस अपार्टमेंट में 22 लाख कीमत का फ्लैट है। पत्नी के पास नौ लाख रुपये मूल्य का 450 ग्राम सोना भी है। मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव सुधीर कुमार के पास पांच हजार रुपये नकद , बैंक में 2.60 लाख रुपये, बांड-95 हजार 200 रुपये, अन्य निवेश-71 हजार, जेवर-50 हजार, गैर कृषि भूमि-81 हजार तथा मैनपुरा (पाटलिपुत्रा) में आवास-28.50 लाख रुपये। असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल, निबंधन बरुणानंदन सिंह के पास 20 हजार रुपये नकद, बैंक में-1.85 लाख, एलआइसी-3.75 लाख, एक हीरो होंडा, पैतृक संपत्ति-12 लाख, आवास-मधेपुर (मधुबनी) में सिंह की पत्नी के पास 7 लाख के गहने हैं। असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल, निबंधन शत्रुघ्न सिंह के पास 48 हजार रुपये नकद, बैंक में-6.76 हजार, एलआइसी-2.30 लाख, 25 लाख कीमत का मकान, पत्नी के पास 34 हजार नकद हैं। बैंक में-3 लाख, एलआइसी-1.10 लाख, गहना-5.40 लाख। एडीजी, सिविल डिफेंस रमेशचंद्र सिन्हा के पास पांच हजार रुपये नकद, बैंक में-14.50 हजार, विभिन्न पालिसी-7.50 लाख, एक घर। सिन्हा ने 15 लाख कर्ज लिया था। यह लगभग चुकाया जा चुका है|
No comments:
Post a Comment